हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र में बुधवार को चार घंटे तक बिजली गुल रहने से करीब 25 हजार की आबादी परेशान रही। सुबह 10 बजे बिजली आपूर्ति बंद होने से लोगों के जरूरी काम प्रभावित हुए। दोपहर दो बजे आपूर्ति बहाल होने तक महिलाओं के घरेलू काम भी अधूरे रहे। कारोबारी को कटौती के बीच नुकसान उठाना पड़ा। वहीं कई क्षेत्र में लोगों को पानी किल्लत से भी जूझना पड़ा।
बुधवार को ऊर्जा निगम के कर्मचारियों ने वितरण खंड ज्वालापुर की द्वितीय सब डिविजन के विद्युत उपसंस्थान कड़च्छ क्षेत्र में कवर्ड कंडक्टर तारों को बदलने का काम किया। मरम्मत काम के चलते करीब चार घंटे तक क्षेत्र में बिजली आपूर्ति ठप रही।बिजली कटौती से कटहरा बाजार, गुरुद्वारा रोड, पुरानी सब्जी मंडी, तेलियान, कोटरवान, कैतवाड़ा, मंडी का कुआं, बकरा मार्केट, कड़च्छ, आंबेडकर नगर, शास्त्री नगर, श्रीराम चौक और रेलवे रोड क्षेत्र प्रभावित रहे।
इसके अलावा गोल गुरुद्वारा, सेंट मैरी स्कूल, सेक्टर दो बैरियर, नेहरू युवा केंद्र क्षेत्र और फैक्ट्री फीडर से जुड़े इलाकों में भी लोगों को परेशानी हुई। दिन में बिजली कटौती होने से दुकानदारों को कारोबार में दिक्कत आई। बिजली आधारित काम प्रभावित होने से ग्राहकों को भी परेशान रहे। साथ ही कटौती के दौरान पानी सप्लाई भी बाधित रही।
इस वजह से क्षेत्र के लोगों को पानी की वैकल्पिक व्यवस्था अपने स्तर से करनी पड़ी। वहीं ईई रवि कुमार ने बताया कि मरम्मत काम के लिए बिजली सप्लाई को बंद किया गया था। मरम्मत काम का लाभ क्षेत्र के उपभोक्ताओं को मिलेगा। बिजली कटौती की सूचना पूर्व में उपलब्ध कराई गई थी।