कनखल में आठ घंटे पानी को तरसे 25 हजार लोग

हरिद्वार।  कनखल क्षेत्र में पानी की पाइप लाइन मरम्मत के चलते बुधवार को करीब 25 हजार आबादी को seven घंटे तक पानी की किल्लत से जूझना पड़ा। सुबह 10 बजे जलापूर्ति बंद होने से लोगों को पेयजल के साथ घरेलू कामकाज पूरा करने में परेशानी हुई। मरम्मत काम के लिए क्षेत्र के पांच पंपिंग स्टेशनों से पानी की सप्लाई को बंद किया गया था। वहीं देर शाम मरम्मत काम पूरा होने के बाद पानी की सप्लाई सुचारु हो सकी। उत्तराखंड जल संस्थान के कर्मचारियों ने बुधवार को कनखल के दादू बाग क्षेत्र में पानी की मुख्य लाइन की मरम्मत का काम किया।

इस दौरान क्षेत्र के पांच पंपिंग स्टेशनों बैरागी कैंप एक, बैरागी कैंप दो, ज्ञान लोक कॉलोनी, भगवंत पुरम और लोक सेवा आयोग से पानी की सप्लाई बाधित रही। पानी की सप्लाई बंद होने के बाद कर्मचारियों ने मुख्य पाइपलाइन में लीकेज को सही करने के लिए वेल्डिंग का काम शुरू किया। मौके पर पुरानी पाइप लाइन के साथ नई पाइपलाइन को इंटर कनेक्शन करने का काम किया गया। जल संस्थान की टीम ने दिन भर पाइपलाइन की मरम्मत का काम किया। मरम्मत काम पूरा होने में आठ घंटे का समय लग गया। शाम को छह बजे काम पूरा होने के बाद क्षेत्र में पानी की सप्लाई सुचारू हो सकी।

पानी सप्लाई प्रभावित होने से बैरागी कैंप, संन्यास रोड, चौक बाजार, मियाना मोहल्ला, ज्ञान लोक कॉलोनी, राजपूत धर्मशाला, कृष्णा नगर, भगवंत पुरम, हनुमंतपुरम, विष्णु गार्डन और सर्व प्रिया विहार आदि क्षेत्रों में लोगों को पानी की वैकल्पिक व्यवस्था अपने स्तर से करनी पड़ी। बाजारों में भी व्यापारियों और ग्राहकों को पानी की किल्लत से जूझना पड़ा। मुख्य पाइपलाइन के मरम्मत काम के लिए पानी की सप्लाई को बंद किया गया था। सुबह 10 बजे से पहले क्षेत्र में पानी उपलब्ध कराया गया। मरम्मत काम पूरा होने के बाद भी पानी सप्लाई किया गया है। लोगों को पानी सप्लाई बाधित होने की सूचना पूर्व में उपलब्ध कराई गई थी।

-विपिन चौहान, अधिशासी अभियंता उत्तराखंड जल संस्थान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *