हरिद्वार। कनखल के जगजीतपुर स्थित आईटीआई के बाहर विशाल पेड़ से करीब आठ फीट लंबे अजगर को वन विभाग की क्यूआरटी टीम ने रेस्क्यू किया। पेड़ के पास से 11 हजार केवी की विद्युत लाइन गुजर रही थी, जिससे हादसे की आशंका बनी हुई थी। सूचना मिलने पर वन विभाग की क्यूआरटी टीम के सदस्य स्नेक मैन तालिब मौके पर पहुंचे।
उन्होंने सावधानी पूर्वक पेड़ पर चढ़ कर अजगर को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया। अजगर के पकड़े जाने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। वन विभाग की टीम अजगर को अपने साथ ले गई। टीम के अनुसार, अजगर को आबादी से दूर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाएगा। रेस्क्यू के दौरान टीम ने लोगों से वन्य जीवों से दूरी बनाए रखने की अपील की।