वाल्मीकि चौक से शिवमूर्ति तक चला बुलडोजर, अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई

हरिद्वार। शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाने के उद्देश्य से शनिवार को सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने वाल्मीकि चौक से शिवमूर्ति चौक तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान सड़क और फुटपाथ पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए तथा कई अतिक्रमणकारियों का सामान जब्त किया गया।

अभियान की भनक लगते ही वाल्मीकि चौक क्षेत्र में कई दुकानदारों ने टीम के पहुंचने से पहले ही अपनी दुकानों के शटर गिरा दिए। कई व्यापारी दुकानें बंद कर कार्रवाई समाप्त होने का इंतजार करते नजर आए। टीम ने सार्वजनिक मार्ग पर रखा सामान हटवाया और रेहड़ी संचालकों को सड़क व फुटपाथ पर दोबारा कब्जा नहीं करने की सख्त हिदायत दी।

सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी ने कहा कि शहर में आमजन की सुविधा और जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्रवाई के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट ने सड़क किनारे बड़ी संख्या में लावारिस खड़े दोपहिया वाहनों पर भी नाराजगी जताई।

उन्होंने निर्देश दिए कि भविष्य में अतिक्रमण अभियान के दौरान एआरटीओ विभाग के अधिकारी भी टीम के साथ मौजूद रहें, ताकि गलत तरीके से सड़क पर खड़े वाहनों के चालान की कार्रवाई भी की जा सके।अभियान में नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पवन कार्की, मुख्य सफाई निरीक्षक श्रीकांत, नगर निगम अतिक्रमण टीम के प्रभारी आदित्य तेश्वर तथा पुलिस बल मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *