हरिद्वार। ज्वालापुर के कटहरा बाजार में गणेश चतुर्थी के जुलूस के दौरान दो डीजे वाहन आमने-सामने आ गए। दोनों के बीच तेज आवाज में डीजे बजाने की प्रतिस्पर्धा शुरू हो गई। एक स्थान पर दोनों वाहन रुकने से बाजार में जाम लग गया। स्थिति संभालने के लिए दो पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। इसी दौरान एक डीजे की आवाज काफी तेज कर दी गई, जिससे आसपास के लोग परेशान हो गए।
आरोप है कि डीजे वाहन में सवार एक युवक ने तलवार लहराई। स्थानीय लोगों ने जुलूस के दौरान सार्वजनिक रूप से तलवार लहराने पर पुलिस व्यवस्था और कार्रवाई पर सवाल उठाए। पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों डीजे के बीच चल रही प्रतिस्पर्धा बंद कराई। इसके बाद यातायात को सामान्य कराया गया।