हरिद्वार। कनखल कोतवाली क्षेत्र में मंदिर में चोरी होने की बात कहकर एक व्यक्ति को बुला कर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित अवधेश झा पुत्र किशोर झा निवासी आनंद विहार कॉलोनी, जगजीतपुर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 12 सितंबर की सुबह वह घर के बाहर बैठा था। इसी दौरान संजीव गुर्जर और दो अन्य व्यक्ति उसके पास पहुंचे और सामने मंदिर में चोरी होने की बात कह कर उसे वहां ले गए। तहरीर के मुताबिक मंदिर में पहले से शिवम गुर्जर उर्फ गोलू लाठी-डंडा लेकर मौजूद था।
आरोप है कि संजीव और शिवम ने अवधेश को गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया।शोर सुनकर उसकी पत्नी रीना देवी और आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर उसे बचाया। पीड़ित का आरोप है कि दोनों ने उसे दोबारा मौका मिलने पर जान से मारने की धमकी दी। प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है। मामले में जांच चल रही है।