टूटी सड़कों पर व्यापारियों का प्रदर्शन, जिम्मेदार विभागों पर कार्रवाई की मांग

हरिद्वार। शहर की खस्ताहाल सड़कों के विरोध में सोमवार को महानगर व्यापार मंडल ने प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई और सीवर कार्यदायी संस्था पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से कार्रवाई की मांग की। महानगर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुनील सेठी ने कहा कि सर्विस लेन से लेकर सप्तऋषि, दूधाधारी चौक, सर्वानंद घाट, सप्तसरोवर रोड और भारत माता मंदिर मार्ग की सड़कें बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। राहगीर चोटिल हो रहे हैं, दोपहिया और चारपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं तथा स्कूल बसें भी हादसे से बाल-बाल बच रही हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के सड़क सुधार संबंधी निर्देशों के बावजूद संबंधित विभाग उदासीन बने हुए हैं और इसकी शिकायत दोबारा मुख्यमंत्री को भेजी गई है।
श्री गायत्री व्यापार मंडल के अध्यक्ष भागीरथ प्रजापति और संगठन महामंत्री हरिमोहन भारद्वाज ने आरोप लगाया कि बिना पूर्व सूचना और रोडमैप के सड़कें खोद दी जाती हैं, जिससे बिजली, पानी और गैस लाइनें क्षतिग्रस्त होती हैं तथा जनता को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। महामंत्री लालजी यादव और सतनाम सिंह ने कहा कि पहले से टूटी सड़कों की मरम्मत नहीं की जा रही, बल्कि नई खुदाई कर लोगों की मुश्किलें बढ़ाई जा रही हैं।

उन्होंने शीघ्र मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की। प्रदर्शन में देवेंद्र गोयल, एडवोकेट मेघराज, धर्मेंद्र बब्बर, श्रीनिवास गोयल, सन्नी अरोड़ा, श्रेय शास्त्री, विकास गुप्ता, सावन कुमार, राजेश पांडे, सुशील कुमार, हरीश अरोड़ा, ओमप्रकाश भट्ट, गौरव खन्ना, पावन पांडे, अशोक बजाज, अमित शर्मा, नीरज मिश्रा, मुकेश ठाकुर, दीपक रावत, राजेश पाठक, लक्की अनेजा, एसएन तिवारी, अशोक तिवारी, राकेश सिंह, गौरव शर्मा, जुगल किशोर, नंदकिशोर पांडे, आशीष अग्रवाल और सचिन अग्रवाल सहित सैकड़ों व्यापारी व क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *