हरिद्वार। ऑपरेशन प्रहार के तहत रानीपुर पुलिस ने चोरी की योजना बनाने के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से हथौड़ा, लोहे की सरिया, छेनी और प्लास बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बीएचईएल स्टेडियम के पास सुरेश्वरी मंदिर मार्ग पर झाड़ियों में तीन युवक छिपे हैं।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तीनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बीएचईएल और शिवालिक नगर क्षेत्र में चोरी करने की योजना बना रहे थे। आरोपियों की पहचान गोविंदा और अभिषेक कुमार निवासी टिबड़ी, रानीपुर और टिंकू कुमार निवासी बिजनौर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।पुलिस के मुताबिक, गोविंदा और अभिषेक का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। एसएचओ मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया गया है।