बड़ी रामलीला के मंच पर किया सीता जन्म ताड़का वध की लीला का मंचन

हरिद्वार। श्रीरामलीला कमेटी रजि. के मंचर सीता जन्म और ताड़का वध की लीला का मंचन कर भगवान राम के पुरुषार्थ एवं लोक कल्याणकारी संघर्षमय जीवन का शुभारंभ किया तथा राजधर्म का आदर्श प्रस्तुत कर राजसत्ता को कर्मनिष्ठ बनने का संदेश दिया। रविवार को धनुष यज्ञ तथा लक्ष्मण परशुराम संवाद का दर्शन कराया जाएगा। लीला का शुभारंभ राजा जनक के राज्य में पड़े सूखे की स्थिति और जनता में फैली भुखमरी से किया गया। दर्शाया गया कि राजा के मंत्री जनता की सही जानकारी राजा तक नहीं पहुंचाते हैं। राजा जनक ने स्वयं हल चलाया और दिव्य रूप में सीता की प्राप्ति हुई। उधर अयोध्या में ऋषि विश्वामित्र ने राजा दशरथ से राम और लक्ष्मण को समाज विरोधी तत्वों के दमन के लिए मांगा। दैवीय शक्ति से पुत्र और पुत्री के पिता बने दोनों राजाओं ने अपने राजधर्म का पालन किया। रामलीला का यह संदेश राजसत्ता में हो रहे नैतिक पतन को रोकने के लिए अनुकरणीय होगा। श्रीरामलीला कमेटी ने अपने धर्म और अध्यात्म में निपुण नीति नियंताओं के माध्यम से ऐसे प्रेरणादायी प्रसंगों को सम्मिलित किया है। जिनमें प्रजा से लेकर राजा तक समाज के सभी वर्गों को कर्तव्य पालन की प्रेरणा मिलती है। बड़ी रामलीला ने आज अपने मंचन का दुर्लभ, मनोरंजक और संवेदनशील दृश्य ताड़का वध का दर्शन कराया। जिसमें भारी बारिश के बावजूद हजारों की संख्या में रामभक्तों ने भगवान के कर्तव्य बोध का दर्शन किया । भगवान राम के स्वरूप में अंकित तिवारी द्वारा प्रस्तुत पिता की आज्ञा, गुरु भक्ति और कर्तव्य बोध की मुक्तकंठ से सभी दर्शकों ने प्रशंसा की। ज्ञात हो आयोजकों ने विशालकाय वाटरप्रूफ पंडाल का निर्माण कर अपनी सच्ची रामभक्ति का परिचय दिया। रामायण के ज्ञाता मंच संचालक विनय सिंघल ने भगवान राम के जीवन आदर्श से जुड़े अन्य प्रसंगों का भी भावार्थ बताया। जिनको समयाभाव के कारण अपने मंचन में सम्मिलित नहीं कर पाए थे। रामलीला के आयोजन को सर्वसमाज के लिए उपयोगी बनाने में जिनके प्रयास सार्थक हो रहे हैं। उनमें प्रमुख हैं श्रीराम लीला संपत्ति कमेटी ट्रस्ट के अध्यक्ष गंगाशरण मददगार, श्रीरामलीला कमेटी के अध्यक्ष वीरेंद्र चड्ढा, उपाध्यक्ष सुनील भसीन, सम्पत्ति कमेटी के मंत्री रविकांत अग्रवाल, मुख्य दिग्दर्शक भगवत शर्मा मुन्ना, कोषाध्यक्ष रविंद्र अग्रवाल, मंच संचालक विनय सिंघल, सहायक दिग्दर्शक साहिल मोदी, कन्हैया खेबड़िया, ऋषभ मल्होत्रा, विशाल गोस्वामी, पवन शर्मा, राहुल वशिष्ठ, सुनील बधावन, मनोज वेदी, अनिल सखूजा तथा विपुल शर्मा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *