उत्तराखंड लोकसभा चुनाव में बीजेपी और कांग्रेस के प्रत्याशियों ने चुनावी प्रचार शुरू कर दिया है। उत्तराखंड बीजेपी के प्रत्याशियों ने लोकसभा चुनावों के प्रचार अभियान के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi)के साथ ही 15 अन्य स्टार प्रचारकों की डिमांड की है।
इसके आधार पर राज्य संगठन ने केंद्रीय नेतृत्व को सूची भेजी है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बुधवार को पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि राज्य में प्रचार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की डिमांड की है।
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, नितिन गडकरी समेत 16 को स्टार प्रचारक के रूप में मांगा गया है। उन्होंने कहा कि राज्य संगठन की ओर से केंद्र को इस संदर्भ में अनुरोध किया गया है।
रैली, रोड शो के कार्यक्रम भी तय महेंद्र भट्ट ने बताया कि पार्टी ने रैली और रोड शो के लिए भी कार्यक्रम तय कर दिए हैं। लेकिन स्टार प्रचारकों के आधार पर इसे अंतिम रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी का चुनाव प्रचार शुरू हो गया है और अब रैलियों आदि के आधार पर इसे गति दी जाएगी। नामांकन के बाद इसे और गति मिलेगी।