बाजारों में रक्षा बंधन से पहले रौनक बढ़ गई

हरिद्वार। धर्मनगरी के बाजारों में रक्षा बंधन पर्व की रौनक है। बाजारों में एक सप्ताह पहले राखी की दुकानें सज गई थी। बड़ी संख्या में महिलाएं रक्षा बंधन के लिए बाजारों में खरीदारी करने पहुंच रही हैं। राखी के साथ ही मिठाई और अन्य सामग्री की मांग बाजारों में बढ़ी हुई है।

रक्षा बंधन पर्व से पहले धर्मनगरी के बाजारों में महिलाओं की बड़ी भीड़ नजर आ रही है। बाजार भी विभिन्न डिजाइन की राखियों से सजे हुए हैं। बहनें अपने भाइयों के लिए विभिन्न प्रकार की राखियां खरीद रही हैं। रक्षा बंधन के लिए व्यापारियों ने भी दुकानों के बाहर राखियों के काउंटर सजा रखे हैं।

महिलाओं की बाजारों में भीड़ के कारण व्यापारियों के चेहरे खिले हुए हैं। बाजारों में महिलाएं सिंपल धागे, रुद्राक्ष धागे, कुंदन, स्पोंज और मोतियों को राखियां खरीद रही हैं। इस साल लुंबा राखी, पैकिंग राखी और अमेरिकन डायमंड राखी की मांग बढ़ी हुई है।

बाजारों में महिलाएं चांदी की राखी भी खरीद रही हैं। कई बहनों ने अपने भाइयों के लिए आर्डर पर सोने से बनी रखी भी तैयार कराई हैं। राखियों के बढ़े दामों के बावजूद महिलाएं बड़ी संख्या में राखी की खरीदारी कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *