हरिद्वार। उत्तरी हरिद्वार के एक आश्रम में पुजारी और सेवादारों पर कुछ व्यक्तियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। आश्रम में कब्जे के लिए तोड़फोड़ भी की गई। पुलिस ने एक दंपति सहित तीन आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, भूपतवाला स्थित घनश्याम भवन आश्रम के ट्रस्टी प्रेमदास महाराज ने दी तहरीर में बताया कि राम अधारा दास और उसका पुत्र मुनिन्द्र शाम शर्मा लंबे समय से आश्रम पर कब्जा करने की फिराक में थे।
27 अगस्त की रात करीब साढ़े नौ बजे वे दोनों अपनी पत्नी कृणाशान शर्मा और एक अज्ञात व्यक्ति के साथ आश्रम में घुस आए। बताया गया कि विरोध करने पर पुजारी आशीष, छविलाल और अभिषेक को बुरी तरह पीटा गया।
इसके बाद दरवाजों और खिड़कियों के शीशे भी तोड़ दिए गए। जब अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपित धमकी देकर भाग निकले। घटना के बाद सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई तो डीवीआर भी गायब मिला।