हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में सराफा कारोबारी से हुई लूट का पुलिस और सीआईयू ने खुलासा करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर लूटे गए चांदी के पांच सिक्के, चांदी की गाय की मूर्ति, पेंडल, एप्पल मोबाइल फोन, बैग और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं। वारदात में इस्तेमाल कैंची और मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ली है। तीनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। बुधवार को एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने पत्रकारों को जानकारी दी कि 21 अगस्त की रात शिवलोक कॉलोनी के पास तीन बदमाशों ने मोटरसाइकिल से ज्वेलर्स प्रदीप कुमार शर्मा का पीछा किया था। मौका पाकर आरोपियों ने कैंची से उनके बैग का पट्टा काट दिया और बैग लेकर फरार हो गए थे।
बैग में करीब 100 ग्राम चांदी के आभूषण, दुकान की चाबियां, आईफोन, बीएचईएल मेडिकल कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेज थे। विरोध करने पर आरोपियों ने छीना-झपटी की और कैंची से हमला करने की धमकी दी थी। इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई थी। मंगलवार की देर रात एसएचओ मनोहर सिंह भंडारी ने टीम के साथ दबिश देते हुए बीएचईएल के मटेरियल गेट के पास आरोपी रितिक उर्फ टोपो निवासी खंजरपुर, मोदीनगर गाजियाबाद, सौरभ निवासी टांडा साहूवाला बढ़ापुर बिजनौर और राजीव सैनी उर्फ सागर निवासी चांदपुर थाना पथरी को गिरफ्तार कर लिया गया। एसएसपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कांवड़ मेले के दौरान उन्होंने बैरागी कैंप में दुकान लगाई थी।
दुकान का सामान लेने के लिए वे कनखल आते-जाते थे। इसी दौरान उनकी नजर एक बुजुर्ग ज्वेलर्स पर पड़ी थी। उनकी दिनचर्या और आने-जाने की जानकारी जुटानी शुरू कर दी। 11 अगस्त को भी उन्होंने ज्वेलर्स का पीछा किया था, लेकिन उस दिन वारदात को अंजाम नहीं दे सके। 21 अगस्त को तीनों ने दोबारा पीछा किया और शिवलोक कॉलोनी पहुंच गए। यहां मौका मिलते ही एक आरोपी ने कैंची से बैग का पट्टा काटा और तीनों बैग लेकर फरार हो गए। लूट का सामान रितिक उर्फ टोपो के राजा गार्डन, जगजीतपुर स्थित कमरे में छिपा दिया था। बताया कि बुधवार को तीनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। आरोपी रितिक उर्फ टोपो के खिलाफ पहले भी शस्त्र अधिनियम और अन्य धाराओं में मामले दर्ज हैं। कनखल थाने में वर्ष 2021 और 2025 में मामले दर्ज रहे हैं।