पानी का बिल जमा कराने के नाम पर तीन बैंक खातों से 2.83 लाख की ठगी

हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के शिवालिक नगर निवासी व्यक्ति को पानी का बिल जमा कराने के नाम पर साइबर ठग ने फोन कर तीन अलग-अलग बैंक खातों से करीब 2.83 लाख रुपये का ट्रांजेक्शन करा लिया। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने रानीपुर कोतवाली में तहरीर देकर रकम की रिकवरी कराने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिवालिक नगर निवासी अजय प्रकाश अग्रवाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 20 अगस्त को उन्होंने पानी का बिल जमा करने के लिए फोन नंबर 0135-2671658 पर संपर्क किया था।

आरोप है कि फोन उठाने वाले व्यक्ति ने खुद को विभाग से जुड़ा बताया और कहा कि सिस्टम में बदलाव हो रहा है। उसने अजय प्रकाश को अपनी बताई प्रक्रिया के अनुसार काम करने के लिए कहा। पीड़ित के अनुसार आरोपी की बातों में आकर उन्होंने केनरा बैंक से 95,111 रुपये, एचडीएफसी बैंक से 94,111 रुपये और पंजाब नेशनल बैंक से 94,111 रुपये का ट्रांजेक्शन कर दिया। करीब 2,83,333 रुपये का लेनदेन होने के बाद उन्हें ठगी का पता चला। कोतवाली प्रभारी मनोहर भंडारी ने बताया कि अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *