रविवार को कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी

हरिद्वार। धर्मनगरी में ठंड का असर फिलहाल थमने वाला नहीं है। मौसम विभाग ने रविवार के लिए कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान के मुताबिक, दिनभर ठंडा मौसम बना रहेगा और सर्द हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ाएंगी। शनिवार को शहरवासी सूखी ठंड से जूझते नजर आए। हालांकि, दिन में धूप खिलने से कुछ राहत मिली, लेकिन दोपहर बाद कोहरा और बादल छाने से ठंड का अहसास फिर तेज हो गया।

आईआईटी कृषि मौसम वेधशाला के अनुसार, शनिवार को हरिद्वार का अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 15 और न्यूनतम 4.5 डिग्री सेल्सियस रहा था। सुबह से दोपहर तीन बजे तक धूप के चलते अधिकतम तापमान में करीब छह डिग्री की बढ़ोतरी हुई। लेकिन, इसके बाद मौसम ने करवट बदली।

आसमान में बादल छा गए, शहर कोहरे की चादर में लिपट गया और सर्द हवाओं ने लोगों की कंपकंपी छुड़ा दी। शाम होते-होते न्यूनतम तापमान आधा डिग्री लुढ़का। कल से तीन दिन का येलो अलर्ट मौसम विभाग ने रविवार के ऑरेंज अलर्ट के बाद 21 जनवरी तक येलो अलर्ट जारी किया है। उसके अनुसार अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहेंगे। घने कोहरे के साथ शुष्क शीत ऋतु का असर बना रहेगा। अनुमान है कि अधिकतम तापमान 13 डिग्री और न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। साथ ही, करीब 5 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सर्द हवाएं चल सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *