सूखी ठंड बिगाड़ रही बच्चों और बुजुर्गों की सेहत

हरिद्वार। हरिद्वार में सूखी ठंड अब लोगों की सेहत पर सीधा असर डालने लगी है। मौसम में नमी की कमी और ठंडी हवाओं ने मौसमी बीमारियों को बढ़ावा दिया है। हालात यह हैं कि विभिन्न अस्पतालों की ओपीडी में खांसी, जुकाम, बुखार, गले में दर्द, उल्टी और पेट की समस्याओं वाले मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। सबसे ज्यादा असर बच्चे-बुजुर्ग और पहले से बीमार लोगों पर देखा जा रहा है।

मेला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. मनीष के मुताबिक, वर्तमान में ओपीडी में आने वाले कुल मरीजों में से करीब 40 फीसदी इन्हीं मौसमी बीमारियों से पीड़ित हैं। डॉक्टरों की मानें तो सूखी और ठंडी हवाएं गले एवं श्वसन तंत्र को कमजोर करती हैं, जिससे वायरल और बैक्टीरियल संक्रमण तेजी से फैलते हैं। डॉ. मनीष ने कहा कि इस मौसम में जरा सी लापरवाही भी बीमारी को गंभीर बना सकती है।

उन्होंने गर्म कपड़े पहनने के साथ सुबह-शाम ठंडी हवा से बचने की सलाह दी है। गुनगुना पानी पीने के साथ ठंडी चीजों से परहेज करने को भी कहा। खांसी-जुकाम की स्थिति में भाप और नमक मिले गुनगुने पानी से गरारे करने को कहा। ज्यादा परेशानी होने पर खुद दवा लेने की बजाय तुरंत चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *