हरिद्वार। हरिद्वार स्थित भारत माता मंदिर के संस्थापक एवं पद्मविभूषित ब्रह्मलीन स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी महाराज की स्मृति में श्री विग्रह मूर्ति स्थापना समारोह का आयोजन चार से छह फरवरी तक किया जाएगा। उत्तरी हरिद्वार में होने वाले इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में देश के कई शीर्ष राजनीतिक, धार्मिक और प्रशासनिक पदाधिकारी शिरकत करेंगे। छह फरवरी को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल होंगे। सोमवार को जूना पीठाधीश्वर एवं भारत माता मंदिर समन्वय सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष स्वामी अवधेशानंद गिरी महाराज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कार्यक्रम की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि चार फरवरी को पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया की उपस्थिति में समारोह का शुभारंभ होगा। इस दिन भव्य शोभायात्रा और शाम को भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पद्मश्री नृत्यांगना शोवना नारायण और भजन गायक सुजीत ओझा प्रस्तुति देंगे। पांच फरवरी को धर्मसभा एवं संत सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, आरएसएस के सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल एवं विहिप के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार शामिल होंगे।
इसी दिन शाम को बनारस घराने की गायिका सुनंदा शर्मा भजन संध्या में प्रस्तुति देंगी। छह फरवरी को स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी महाराज की समाधि पर उनकी मूर्ति की स्थापना की जाएगी। इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल और विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी मौजूद रहेंगी। स्वामी अवधेशानंद गिरी ने बताया कि समाज सेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए स्वामी विवेकानंद हेल्थ मिशन सोसायटी के डॉ. अनुज सिंघल और डॉ. तारा सिंघल को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी महाराज का जीवन सनातन धर्म, राष्ट्रभक्ति और मानव कल्याण को समर्पित रहा।