महिलाओं और बालिकाओं को दिए आत्मरक्षा के टिप्स

हरिद्वार। महिला सुरक्षा को लेकर जनपद पुलिस ने ‘पुलिस आपके द्वार’ अभियान के तहत खड़खड़ी स्थित निर्धन निकेतन विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम हुइा। मौके पर बालिकाओं और महिलाओं को कानून व हेल्पलाइन संबंधी जानकारी दी। गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित बालिकाओं और महिलाओं को महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कानूनों, आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112, महिला हेल्पलाइन 1090/1091, साइबर अपराध से बचाव, छेड़छाड़ और घरेलू हिंसा जैसी परिस्थितियों में त्वरित सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

साथ ही आत्मरक्षा के सामान्य उपायों और सतर्कता संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव भी साझा किए गए। कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर महिलाएं बिना संकोच पुलिस से संपर्क करें, पुलिस उनकी सहायता और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज में सुरक्षा और विश्वास बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया तथा भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाने की अपेक्षा जताई। कार्यक्रम में खड़खड़ी चौकी प्रभारी ब्रह्मदत्त बिजल्वाण, उपनिरीक्षक निशा सिंह, महिला कांस्टेबल शोभा और कांस्टेबल अरुण नेगी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *