मकान खरीदने के नाम पर 12 लाख की ठगी का आरोप, केस दर्ज

हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र में मकान खरीदने के नाम पर 12.01 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। मामले में पीड़ित ने पुलिस से ठगी की शिकायत की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार धामपुर निवासी जय प्रभात आर्य ने तहरीर देकर बताया कि मकान खरीदने के लिए उनकी मुलाकात अशोक वाटिका सलेमपुर महदूद के प्रॉपर्टी डीलर मांगेराम पाल से हुई थी।

आरोप है कि उसने कृष्णा विहार कॉलोनी में कुसुम देवी पत्नी राजेंद्र सिंह और उसके पति राजेंद्र सिंह निवासी पुष्पांजलि कॉलोनी नाला रोड गाजियाबाद का चार मंजिला भवन दिखाकर संपत्ति के सभी दस्तावेज सही होने और हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण से स्वीकृत मानचित्र के अनुसार निर्माण होने का भरोसा दिलाया। सौदा 1.18 करोड़ रुपये में तय हुआ। पीड़ित ने 22 फरवरी को 51 हजार रुपये, दो अप्रैल तक दो लाख एक हजार रुपये और 18 अप्रैल को 10 लाख रुपये दंपती के खातों में दिए गए।

कुल 12.01 लाख रुपये लेने के बाद 18 अगस्त तक बैनामा करने की बात कही गई। बाद में जानकारी मिली कि भवन का स्वीकृत मानचित्र ही नहीं है। बैंक ने भी इसी कारण ऋण आवेदन अस्वीकार कर दिया। आरोप है कि रकम वापस मांगने पर धमकी दी गई। नोटिस के बाद 2.01 लाख रुपये लौटाए गए। लेकिन शेष 10 लाख रुपये नहीं दिए गए। प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि मामले मुकदमा दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *