हरिद्वार। कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को गति देने के लिए मेलाधिकारी सोनिका ने गुरुवार को कनखल, देवपुरा, ऋषिकुल और चंडी चौक का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति परखी और अधिकारियों को काम समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए। कनखल के चौक बाजार में उन्होंने ऐतिहासिक झंडा चौक के सुधार और सौंदर्यीकरण की योजना पर अधिकारियों व स्थानीय लोगों से चर्चा की।
उन्होंने झंडा चौक की रेलिंग, प्रकाश व्यवस्था सुधारने और क्षेत्र को अतिक्रमणमुक्त रखने के निर्देश दिए। एचआरडीए को कनखल क्षेत्र में भवनों के फसाड सुधार और सौंदर्यीकरण कार्य प्राथमिकता से कराने को कहा। देवपुरा और ऋषिकुल क्षेत्र में फुटपाथ व सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने छोटी पार्किंग विकसित करने की संभावनाएं तलाशने, पैदल यात्रियों के लिए सुविधाजनक फुटपाथ, रेलिंग और बैठने के लिए शेड बनाने के निर्देश दिए।ऋषिकुल पुल के समीप गंगनहर पर निर्माणाधीन घाटों के आसपास सफाई और अतिक्रमणमुक्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
चंडी चौक के निरीक्षण के दौरान उन्होंने बताया कि चौराहे का सुधार एनएचएआई, जबकि सौंदर्यीकरण का कार्य एचआरडीए और नगर निगम कराएगा। यहां धार्मिक महत्व को देखते हुए नंदी की प्रतिमा स्थापित करने और फ्लाईओवर पर वॉल पेंटिंग व फसाड कार्य कराने की योजना है। निरीक्षण में नगर आयुक्त नंदन कुमार, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।