हरिद्वार। राष्ट्रीय कामगार सेना (भारत) ने क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत नहीं करने पर लोक निर्माण विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर अधिशासी अभियंता का घेराव किया। आरोप लगाया कि कनखल, ज्वालापुर, उत्तरी हरिद्वार, मध्य हरिद्वार, जगजीतपुर आदि सभी जगह सड़कें क्षतिग्रस्त हैं और विभाग इस तरफ ध्यान नहीं दे रहा है। प्रदेश अध्यक्ष रेखा वाल्मीकि ने कहा कि पूरे शहर में सड़क क्षतिग्रस्त हैं और विभाग आंखे मूंदे बैठा है।
कांवड़ मेले में करोड़ों शिवभक्त आए और क्षतिग्रस्त सड़क पर होकर निकल गए। सड़क क्षतिग्रस्त होने से लोग चोटिल हो रहे हैं। बार बार अधिकारियों को अवगत कराने पर भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती है।उन्होंने कहा कि कुंभ के निर्माण कार्य शुरू हो गए हैं लेकिन जहां पैसा लगना चाहिए वहां नहीं लगाया जा रहा है। जो ठेकेदार सही कार्य नहीं करते उनके खिलाफ कार्यवाही की जाए। अधिशासी अभियंता योगेश कुमार ने आश्वासन दिया कि जल्द ही जहां भी सड़क क्षतिग्रस्त हैं उसे ठीक किया जाएगा।
किसी के पास सड़क क्षतिग्रस्त की सूचना हो तो कार्यालय में संपर्क कर सकता है। सभी सड़क सिर्फ लोक निर्माण विभाग की नहीं हैं कुछ सड़क अन्य विभाग की भी हैं।प्रदर्शनकारियों में नगर अध्यक्ष संदीप कुमार, हरिराम, बृजपाल, विकास चंचल, वरुण, कौशल्या, शीतल चंचल, कुलदीप सोमपाल, मोनू, प्रीति, चंदा, बेबी, गीतू, सविता, प्रदीप हुकमचंद, स्वराज, सीताराम, अजय आदि उपस्थित रहे।