हरिद्वार। साइबर ठगों ने ऑनलाइन धमकी का सहारा लेकर एक व्यक्ति से 1.07 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित ने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के आधार पर नगर कोतवाली क्षेत्र में मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस के अनुसार राकेश कुमार पुत्र चंद्रभान निवासी हीरा आतम कुटीर जैन मंदिर के निकट ने शिकायत में बताया कि वह ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार हुआ है।
आरोप है कि किसी व्यक्ति ने ऑनलाइन माध्यम से उसे डराया और चोट पहुंचाने की धमकी देकर अपने झांसे में लिया। इसके बाद धोखे से उससे 1,07,000 रुपये की रकम की ठगी कर ली। ठगी की घटना उत्तराखंड क्षेत्र में हुई है। एसएचओ कुंदन सिंह राणा ने बताया कि मामले में शिकायत के आधार पर तथ्यों की जांच चल रही है।