हरिद्वार। कनखल के ग्रामीण क्षेत्र में सोमवार को ऊर्जा निगम ने दिन में सात घंटे की बिजली कटौती की। कटौती के दौरान क्षेत्र के करीब 20 हजार ग्रामीणों को बड़ी दिक्कतें उठानी पड़ी। दिन में बिजली कटौती से ग्रामीणों के काम बाधित रहे। दीपावली पर्व से पहले मरम्मत काम के लिए दो फीडर से बिजली सप्लाई को बंद किया गया था। ऊर्जा निगम ने सोमवार को उपकेंद्र ज्वालापुर के उपसंस्थान जगजीतपुर न्यू से पोषित फीडर पंजनहेड़ी और फेरपुर क्षेत्र में नई विद्युत लाइन निर्माण, मरम्मत और अनुरक्षण का काम किया।
मरम्मत काम के लिए दिन में सात घंटे की बिजली कटौती हुई।काम के लिए दोनों फीडर को सुबह 10 बजे बंद किया गया। काम पूरा होने के बाद शाम पांच बजे दोनों फीडर से बिजली की सप्लाई सुचारू की गई। बिजली कटौती के कारण मिस्सरपुर, अलीपुर, पंजनहेड़ी, जियापोता, अशोक वाटिका क्षेत्र, कटारपुर, फेरूपुर, अजीतपुर आदि में ग्रामीण आबादी को बड़ी दिक्कतें उठानी पड़ी।
दिन में लोगों को पानी और बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ी। ईई रवि कुमार ने बताया लोगों की बिजली कटौती की पूर्व में सूचना उपलब्ध कराई गई है। दीपावली पर्व से पहले विभिन्न उपसंस्थनों पर मरम्मत के काम गतिमान है। मरम्मत काम के लिए बिजली सप्लाई बंद हो रही हैं। मरम्मत और अनुरक्षण का लाभ उपभोक्ताओं को मिलेगा।