हरिद्वार। रानीपुर मोड़ स्थित संस्कृति स्कूल में 30 और 31 अक्टूबर को 22वां वार्षिक समारोह उत्साह के साथ मनाया गया। ‘एरा : द सिम्फनी ऑफ ड्रीम्स’ विषय पर आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ पहले दिन मुख्य अतिथि डॉ. पूनम शर्मा और विशिष्ट अतिथि डॉ. प्रियंका शर्मा तथा दूसरे दिन मुख्य अतिथि अर्चना जैन और विशिष्ट अतिथि डॉ. अंतिमा सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान निदेशक दिव्या पंजवानी और प्रधानाचार्या श्वेता सहगल भी मौजूद रहीं।
शिक्षकों ने स्वागत गीत और विद्यार्थियों ने गणेश वंदना प्रस्तुत की।विद्यार्थियों ने झांसी की रानी, सेव ट्रीज, एनिमल किंगडम और चिल्ड्रन्स मॉर्निंग टैंट्रम्स जैसी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में महिला सशक्तीकरण, पर्यावरण संरक्षण, भारतीय संस्कृति और बचपन की मासूमियत जैसे विषयों को मंच पर दर्शाया गया। देवी दुर्गा के नौ रूपों पर आधारित प्रस्तुति ने भारतीय सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाई। इस अवसर पर विद्यार्थियों को ऑल-राउंडर एक्सीलेंस अवॉर्ड और ग्रोइंग अचीवर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
प्रधानाचार्या श्वेता सहगल ने कहा कि समारोह बच्चों के सपनों, कल्पनाशीलता और आत्मविश्वास का उत्सव रहा। निदेशक दिव्या पंजवानी ने विद्यार्थियों और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की। शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों के सहयोग से कार्यक्रम सफल रहा। समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।