32 घंटे से बूंद-बूंद पानी को तरसे ऋषिकुल न्यू कॉलोनी के लोग

हरिद्वार। मध्य हरिद्वार की ऋषिकुल न्यू कॉलोनी में पेयजल संकट से लोग परेशान है। करीब 2500 की आबादी वाली कॉलोनी को पिछले 32 घंटे से घरों के नलों में पीने का पानी नहीं मिला है। इससे लोगों को पीने के पानी के लिए जूझना पड़ रहा है। पानी की व्यवस्था करने के लिए लोगों को इधर-उधर भटक रहे है। वहीं उत्तराखंड जल संस्थान के अधिकारियों के अनुसार शनिवार मध्यरात्रि या रविवार सुबह तक पानी की सप्लाई सुचारू होने की उम्मीद है। शनिवार को ऋषिकुल कॉलोनी के स्थानीय लोगों ने जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार सुबह 10 बजे से पेयजल आपूर्ति बाधित है।

शनिवार रात 10 बजे तक भी समस्या का समाधान नहीं हो सका। लोगों को पानी की वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ रही है। ऊर्जा निगम का ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद जल संस्थान जनरेटर से पंप चला कर पानी की आपूर्ति करने की कोशिश कर रहा है। लेकिन जनरेटर से पंप चलाने पर पानी का प्रेशर नहीं बन रहा है। इस वजह से निचले क्षेत्र के घरों में गंदा बदबूदार पानी सप्लाई होने की समस्या बन रही है। ऊपरी इलाकों में पानी नहीं मिल रहा है। वहीं जल संस्थान के अधिशासी अभियंता विपिन कुमार के अनुसार, क्षेत्र में ऊर्जा निगम का ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई है।

जनरेटर से पंप चलाने के बावजूद पानी का पर्याप्त प्रेशर नहीं बन रहा है। इस संबंध में ऊर्जा निगम से ट्रांसफार्मर ठीक कराने का आग्रह किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि ऊर्जा निगम का मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद शनिवार रात देर या रविवार सुबह तक कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति सुचारू होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *