हरिद्वार। कोलकाता में प्रशिक्षु महिला डॉक्टर के साथ दरिदंगी के विरोध में शुक्रवार को जिला अस्पताल परिसर में डॉक्टरों और कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने बेटी बचाओ, कोलकाता रेप कांड के दोषियों को फांसी, जस्टिस फॉर वुमेन के पोस्टर हाथ में लिए हुए थे।
नारेबाजी कर सरकार से प्रशिक्षु महिला के हत्यारों को फांसी देने की मांग की। कोलकाता मेडिकल कॉलेज की महिला प्रशिक्षु डॉक्टर से बलात्कार और हत्या के बाद देशभर के डॉक्टरों में रोष है। इसको लेकर डॉक्टरों ने कई जगहों पर अनिश्चित कालीन हड़ताल भी शुरू कर दी है।
अब प्रांतीय चिकित्सा स्वास्थ्य सेवा संघ ने भी इस घटना के खिलाफ बिगुल बजा दिया है। मंगलवार को घटना के विरोध में काली पट्टी बांधकर कार्य किया था। शुक्रवार को जिला अस्पताल परिसर में कोलकाता घटना के खिलाफ प्रदर्शन किया।