हरिद्वार। गाडोवाली में लोगों से वार्ता में गुरुवार को डीएफओ ने कहा कि हाथियों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे, जिससे फसलों और जानमाल की सुरक्षा हो सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हाथियों को जगजीपुर के जंगल में ही रोकने के प्रयास किए जाएंगे। गाडोवाली में बुधवार को गन्ने के खेत पर काम कर रहे किसान सतीश चौधरी पर हाथी ने हमला कर गंभीर घायल कर दिया।
दूसरे किसान ने किसी तरह हाथी को भगाकर उसकी जान बचाई। इसके बाद गुस्साए लोगों ने गांव के बाहर सड़क पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया था। इस दौरान अधिकारियों को ग्रामीणों का विरोध झेलना पड़ा। बाद में एसडीएम अजयवीर सिंह के आश्वासन पर किसी तरह ग्रामीण शांत हुए थे। एसडीएम ने गुरुवार को फिर से वन अधिकारियों से वार्ता कराने का भरोसा दिया था।