हरिद्वार। पथरी क्षेत्र में बारिश के साथ ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। खेतों में खड़ी सरसों, गेहूं और सब्जियों की फसल को नुकसान पहुंचा। इस पर चिंता जताते हुए विधायक अनुपमा रावत ने धामी सरकार से प्रभावित किसानों को तत्काल मुआवजा दिलाने का अनुरोध किया है। बीते मंगलवार को मौसम में आए अचानक बदलाव से किसानों की चिंता बढ़ गई।
बारिश के साथ गिरे ओलों ने सरसों, गेहूं और सब्जियों की फसलों को नुकसान पहुंचाया। कई जगह फसलों की बालियां टूट गईं और खड़ी फसल खेतों में बिछ गई। किसानों का कहना है कि इस वर्ष मौसम अनुकूल रहने के कारण बेहतर उत्पादन की उम्मीद थी, लेकिन ओलावृष्टि ने पानी फेर दिया। किसान विजय सैनी, पवन चौहान, गालिब हसन, दलीप राणा, पुरुषोत्तम सैनी, श्याम सुंदर, मोहम्मद सलीम, मोहम्मद जाकिर, इरशाद अली, गुलजार अली, सोनी चौहान, दीपक चौहान, राजकुमार, रमेश सैनी, मनोज चौहान, प्रेमचंद और रहमान ने बताया कि ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान हुआ है।
प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल कराया जाए सर्वे विधायक अनुपमा रावत ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर मांग उठाई है कि प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वे कराया जाए और किसानों को नुकसान के अनुरूप मुआवजा दिया जाए, ताकि उनकी आर्थिक क्षति की भरपाई हो सके। इधर, कृषि विशेषज्ञ राजा राम साहब सिंह ने बताया कि ओलावृष्टि से गेहूं और सरसों की बालियां टूट जाती हैं, जिससे दाने पतले रह जाते हैं और रंग काला पड़ने लगता है। इससे उत्पादन और गुणवत्ता दोनों प्रभावित होती हैं।