हरिद्वार। ऊर्जा निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उस वक्त खड़े हो गए, जब शनिवार को चार घंटे की सूचना देकर छह घंटे तक बिजली गुल रखी गई। मरम्मत के नाम पर हुई इस कटौती से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की करीब 30 हजार आबादी को परेशानी उठानी पड़ी।
शनिवार को ऊर्जा निगम ने ट्रांसपोर्टनगर बिजलीघर और उससे पोषित सराय, ट्रांसपोर्टनगर, गंगा प्रदूषण, दिनारपुर, रघुनाथ मॉल और मनचंदा हर्बल फीडर पर तार बदले। इसके लिए सुबह 10 बजे बिजली आपूर्ति बंद की गई। ऊर्जा निगम ने उपभोक्ताओं को दोपहर 2 बजे तक बिजली कटौती की सूचना दी थी, लेकिन मरम्मत में अपेक्षा से अधिक समय लगने के कारण शाम 4 बजे जाकर आपूर्ति बहाल हो सकी। यानी सूचना चार घंटे की और कटौती पूरे छह घंटे की।