हरिद्वार। आगामी चारधाम यात्रा को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को कलक्ट्रैट में आयोजित बैठक में डीएम मयूर दीक्षित में 20 पंजीकरण काउंटर शिफ्टवार संचालित करने और सुबह 7 से शाम 7 बजे तक व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए। गुरुवार को कलक्ट्रेट स्थित एनआईसी कक्ष, रोशनाबाद में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों की कार्ययोजनाओं की समीक्षा की गई।
बैठक में तय किया गया कि श्रद्धालुओं का पंजीकरण पूर्व वर्षों की भांति ऋषिकुल मैदान में किया जाएगा। यहां जर्मन हैंगर युक्त अस्थायी पंजीकरण केंद्र बनाया जाएगा, जहां बिजली, पानी, पंखे और शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। डीएम ने 20 पंजीकरण काउंटर शिफ्टवार संचालित करने तथा सुबह 7 से शाम 7 बजे तक व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए। पुलिस विभाग को होल्डिंग एरिया चिन्हित करने और भीड़ नियंत्रण के लिए डायवर्जन प्लान तैयार करने को कहा गया।
एसपी सिटी अभय सिंह ने पुलिस तैयारियों की जानकारी दी। परिवहन विभाग को ट्रिप कार्ड/ग्रीन कार्ड संबंधी समस्याओं के समाधान हेतु हेल्पडेस्क स्थापित करने के निर्देश मिले। नगर निगम को पंजीकरण केंद्र व होल्डिंग एरिया में मोबाइल टॉयलेट व सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया, जबकि स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा शिविर लगाने के निर्देश दिए गए।
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को यात्रा मार्ग के कार्य समय से पूर्ण करने और पर्यटन विभाग को व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने सभी विभागों को समन्वय के साथ यात्रा को सफल बनाने पर जोर दिया। इस दौरान सीएमओ डॉ.आरके सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान,एसडीएम जितेंद्र कुमार सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।