हरिद्वार। धर्मनगरी में मंगलवार को बूंदाबांदी ने लोगों को परेशान किया। पूरे दिन लोग बूंदाबांदी के बीच सड़कों पर आवाजाही करने को मजबूर रहे। दिन में बादल छाए रहने और बूंदाबादी के कारण ठंड बढ़ गई। मंगलवार को अधिकतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। धर्मनगरी में मंगलवार को पूरे दिन बारिश की बूंदें पड़ती रही।
सुबह से शाम तक बारिश ने लोगों को परेशान किया। बारिश, बादल और सर्द हवाओं के कारण मंगलवार को अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सोमवार को अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस रहा था। वहीं रविवार को अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था।