हरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र में महिला को बातों में उलझाकर सोने के आभूषण ठग लिए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में राजीव नगर कॉलोनी निवासी गीता पत्नी वेद प्रकाश ने बताया कि शुक्रवार रात वह शिवलोक कॉलोनी से घर लौट रही थीं। गोविंदपुरी स्थित यूको बैंक के पास पहुंचने पर एक युवक ने उनसे मेरठ जाने वाली बस के बारे में पूछा।
इसी दौरान दूसरा युवक भी वहां पहुंच गया और पहले युवक से बातचीत करने लगा। दोनों ने उन्हें अपनी बातों में इस तरह उलझाया कि वह उनके झांसे में आ गईं। आरोप है कि युवकों ने उनके कान के कुंडल और सोने का ओम उतरवा लिया और मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद पति का फोन आने पर ठगी का एहसास हुआ। ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।