बारिश के बाद भी पथरी में ग्रामीणों को नहीं मिल रही बिजली कटौती से राहत

हरिद्वार। पथरी क्षेत्र के करीब 30 गांवों में अघोषित बिजली कटौती और बार-बार बिजली आने-जाने से ग्रामीणों व किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने सिंचाई प्रभावित होने पर जल्द नियमित बिजली आपूर्ति की मांग की है। पथरी क्षेत्र के घोसीपुरा, डोगीवाला, धनपुरा, अंबुवाला, घिस्सुपुरा, झबरी, पथरी, टिहरी विस्थापित, पुरुषोत्तम नगर, आदर्श नगर, पदार्था, सुगरस्सा, धिनारपुर, रानीमाजरा, शाहपुर, बादशाहपुर समेत करीब 30 गांवों में इन दिनों अघोषित बिजली कटौती से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि दिन और रात दोनों समय बिजली की कटौती के साथ-साथ लगातार आंख-मिचौली भी जारी रहती है। बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों के दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जबकि किसानों को फसलों की सिंचाई में सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। समय पर सिंचाई नहीं होने से फसलों के उत्पादन पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीण तंजीम अली, साजिद अली, सोनू, मोहम्मद सलीम, सोहनवीर, रामकिशोर, नितीन, दीपक, रामकुमार, जीसान, ललित कुमार, प्रेम सिंह, इरशाद अली, रहमान, मांगेराम, रवि कुमार, नरेश कुमार, इसरार, गफ्फार अहमद और अब्बास अली समेत अन्य लोगों ने क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती बंद कर नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।

ऊर्जा निगम के एसडीओ सचिन ने बताया कि रोस्टिंग के कारण कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति बंद करनी पड़ती है। रोस्टिंग समाप्त होते ही बिजली आपूर्ति सामान्य रूप से बहाल कर दी जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *