हरिद्वार। श्रीगंगा सभा की ओर से बुधवार को अपने संस्थापक भारत रत्न महामना पंडित मदनमोहन मालवीय का जन्म दिवस हरकी पौड़ी पर गंगा पूजन और रुद्राभिषेक कर मनाया। उसके साथ ही घंटाघर मालवीय द्वीप पर मालवीय की प्रतिमा का पूजन और माल्यार्पण किया गया।
इस अवसर पर सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम और महामंत्री तन्मय वशिष्ठ ने कहा कि मालवीय ने हरिद्वार के तीर्थ पुरोहितों के साथ मिलकर अंग्रेजों के खिलाफ 1916 में पहला बांध विरोधी आंदोलन किया और अंग्रेज सरकार को झुकने पर मजबूर किया।
सनातन धर्म की रक्षा के लिए वह आजीवन संघर्ष करते रहे। मालवीय विश्व के एकमात्र ऐसे व्यक्ति थे जिन्हें महामना की उपाधि से विभूषित किया जाता है। वो एक स्वतंत्रता सेनानी, शिक्षाविद, भागवत के विद्वान, प्रख्यात वकील होने के साथ ही गरीबों वंचितों और शोषितों के अधिकारों के रक्षक भी थे।