हरिद्वार। यूजीसी के नए नियमों पर सुप्रीम कोर्ट की रोक के बाद सवर्ण समाज में खुशी का माहौल है। उत्तराखंड ब्राह्मण महासभा और श्री अखंड परशुराम अखाड़े ने ऋषिकुल पुल स्थित मालवीय घाट पर गंगा का दुग्धाभिषेक कर कोर्ट के प्रति आभार जताया। इस दौरान उत्तराखंड ब्राह्मण महासभा के जिलाध्यक्ष पंडित प्रवीण गौतम ने आरोप लगाया कि सरकार सवर्ण समाज से छल कर रही है।
यूजीसी के नए नियम पूरे समाज के लिए घातक सिद्ध हो सकते हैं। फिलहाल इस पर सुप्रीम रोक लगी है, लेकिन लड़ाई अभी बाकी है और जब तक यह नियम पूरी तरह वापस नहीं होते, आंदोलन जारी रहेगा। श्री अखंड परशुराम अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि नियम बनाने वाली समिति में शामिल लोगों के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। ऐसे नेताओं को सबक सिखाने के लिए वोट न देने की अपील की जाएगी।
महामंडलेश्वर स्वामी वेदमूर्ति गिरि ने पूछा कि ऐसे कानून लाकर सरकार जनता को क्या संदेश देना चाहती है। पंडित पवन कृष्ण शास्त्री ने चेताया कि यदि नियम वापस नहीं लिए गए तो उग्र आंदोलन किया जाएगा और जो जनप्रतिनिधि साथ नहीं देंगे, उनका विरोध होगा। इस अवसर पर पंडित पदम प्रकाश शर्मा, बालकृष्ण शास्त्री, ऋषि शर्मा, नाथूराम शर्मा, स्वामी वेदपुत्र, चंद्रमणि राय, सचिन चमोली, नवीन, कुलदीप चौहान, विक्रम सिंह, पुष्कर अरोड़ा, अशोक पांडे मौजूद रहे।