युवक की करंट लगने से मौत

हरिद्वार। सिडकुल क्षेत्र में घर के अंदर कपड़े प्रेस कर रहे 17 वर्षीय किशोर की अचानक करंट लगने से मौत हो गई। परिजन उसे गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में पोस्टमार्टम को लेकर परिजन और भीम आर्मी से जुड़े लोगों ने विरोध जताया, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। बाद में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

बुधवार रात मेट्रो अस्पताल में प्रिंस (17 वर्ष) पुत्र बिनारसी दास निवासी रावली महदूद थाना सिडकुल को अचेत अवस्था में लाया गया। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस में जानकारी जुटाई तो पता चला कि प्रिंस घर में कपड़ों पर प्रेस कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसे तेज करंट लगा। परिवार के लोग तुरंत उसे लेकर मेट्रो अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर के बाहर परिजन और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पोस्टमार्टम कराने को लेकर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई और शव बिना पोस्टमार्टम सौंपने की मांग करने लगे। भीम आर्मी समेत अन्य संगठनों के कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंच गए और हंगामा करने लगे। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने मोर्चा संभाला। थानाध्यक्ष नितेश शर्मा ने लोगों को समझाया कि कानूनी प्रक्रिया के तहत पोस्टमार्टम आवश्यक है।

काफी देर की समझाने के बाद परिजन राजी हुए। इसके बाद पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया। एसओ नितेश शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *