हरिद्वार। होली पर शहर में सस्ते केमिकल युक्त रंगों ने लोगों की आंखों, त्वचा और बालों को नुकसान पहुंचाया। गुरुवार को विभिन्न अस्पतालों में बड़ी संख्या में लोग आंख और त्वचा का इलाज कराने पहुंचे। होली के दिन करीब 35 लोगों की आंखों और त्वचा पर बुरा असर पड़ा।
कनखल के आशु शर्मा ने बताया कि होली खेलते समय केमिकल रंग लगने से उनकी आंखों में तेज जलन होने लगी। आंखें लाल हो गईं और काफी देर तक जलन बनी रही। परेशानी बढ़ने पर निजी डॉक्टर से परामर्श लेना पड़ा। हरिद्वार के हरीश कुमार ने बताया कि एक मित्र ने गलती से केमिकल युक्त रंग लगा दिया, जिससे बच्चों की त्वचा पर एलर्जी हो गई।
त्वचा पर छोटे-छोटे लाल दाने निकल आए। डॉक्टर ने करीब 15 दिन तक इलाज की सलाह दी है। उनकी खुद की त्वचा पर भी खुजली की समस्या बनी हुई है। वरिष्ठ त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. के. स्वरूप ने बताया कि गुरुवार को क्लीनिक पहुंचे करीब 30 में से 12 मरीज ऐसे थे, जिनकी त्वचा में खुजली और पानी वाले छोटे लाल दाने निकल आए थे।
त्वचा को सुबह के समय सादे पानी से धोना चाहिए। घर पर बिना सलाह कोई दवा नहीं लगानी चाहिए। त्वचा पर इन्फेक्शन वाली जगह पर नारियल तेल लगाया जा सकता है। आंखों में इन्फेक्शन होने पर तुरंत नेत्र रोग विशेषज्ञ से उपचार कराना चाहिए।