हरिद्वार। हरिद्वार में एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति और वितरण व्यवस्था को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। डीएम मयूर दीक्षित ने स्पष्ट किया है कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए सभी एजेंसियों पर नोडल अफसर तैनात करते हुए निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। गैस की कोई कमी नहीं: एलपीजी गैस की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में डीएम की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई।
जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने बताया कि वर्तमान में 42 गैस एजेंसियां चल रही हैं, जिनके जरिये उपभोक्ताओं को एलपीजी गैस की आपूर्ति की जा रही है। फिलहाल गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन ऑनलाइन सिस्टम बाधित होने के कारण उपभोक्ताओं को ओटीपी नहीं मिल पा रहा है। इसके चलते ऑनलाइन बुकिंग में दिक्कत आ रही है। कई उपभोक्ताओं को गैस एजेंसियों पर जाकर बुकिंग करनी पड़ रही है, जिससे भीड़ बढ़ रही है।
डीएम ने निर्देश दिए कि एलपीजी गैस की आपूर्ति नियमित और पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर अनियमितता या कालाबाजारी की शिकायत नहीं आनी चाहिए। इसके लिए सभी गैस एजेंसियों पर नोडल अफसरों को नामित कर नियमित निरीक्षण कराया जाएगा।