आरटीई के तहत बच्चों और स्कूलों को नहीं मिली सहायता राशि

हरिद्वार। शिक्षा के अधिकार के तहत ब्लॉक बहादराबाद के स्कूलों में निशुल्क पढ़ने वाले बच्चों को सालाना सहायता राशि (प्रतिपूर्ति) अभी तक नहीं मिली है। साथ ही, ब्लॉक के स्कूलों में पात्र बच्चों की फीस जमा नहीं हो सकी है। सहायता राशि जारी नहीं होने के कारण अभिभावकों ने बच्चों के लिए नई किताबें, ड्रेस और जूते आदि नहीं खरीदे हैं।

आरटीई के तहत शिक्षा विभाग ब्लॉक के करीब 249 निजी स्कूलों में निशुल्क पढ़ने वाले करीब 24 हजार पात्र बच्चों की फीस की रकम जमा करता है। स्कूलों की फीस शिक्षा विभाग ने निर्धारित की हुई है। हर साल बच्चों की फीस और मिड डे मील की रकम स्कूलों को भेजी जाती है।

इसके अलावा, निशुल्क पढ़ाई करने वाले बच्चों को शिक्षा विभाग ड्रेस के लिए 600 रुपये, किताबों के लिए 250 से 400 रुपये, जूते आदि के लिए कुल 2200 रुपये प्रति बच्चा सालाना सहायता राशि प्रदान करता है। इस साल अप्रैल तक स्कूलों और बच्चों को सहायता राशि जारी नहीं की गई है।

ऐसे में, जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा पर गंभीर असर पड़ रहा है। बच्चों के प्रवेश में रुकावट और पढ़ाई छूटने का खतरा बना हुआ है। हालांकि शिक्षा विभाग के अनुसार सोमवार तक सहायता राशि जारी हो जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *