‘चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं के साथ करें शालीन व्यवहार’

हरिद्वार। आगामी चारधाम यात्रा सीजन को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित बनाने के लिए हरिद्वार पुलिस ने टैक्सी यूनियनों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में यात्रियों की सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन, निर्धारित किराया सूची प्रदर्शित करने और वाहनों में फर्स्ट-एड बॉक्स रखने के निर्देश दिए गए।

बैठक में कहा गया कि चारधाम यात्रा के दौरान देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं के साथ मधुर और शालीन व्यवहार किया जाए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मंगलवार को ट्रैफिक कार्यालय हरिद्वार में पुलिस उपाधीक्षक यातायात विपेंद्र कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।

इसमें हरिद्वार क्षेत्र की सभी टैक्सी यूनियनों के प्रतिनिधि, वाहन स्वामी और चालक शामिल हुए। सभी वाहन स्वामी अपने वाहनों में निर्धारित किराया सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें, ताकि यात्रियों से किसी प्रकार की अनियमित वसूली न हो। साथ ही फर्स्ट-एड बॉक्स की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। यात्रा सीजन के दौरान यात्री सुरक्षा, यातायात नियमों का पालन और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *