कनखल क्षेत्र में 12 घंटे लोगों को नहीं मिला पीने का पानी

हरिद्वार। कनखल क्षेत्र में बुधवार को करीब 15 हजार की आबादी को 12 घंटे तक पीने का पानी नहीं मिला। दिन में लोग पानी की किल्लत से जूझते रहे। मरम्मत काम के लिए क्षेत्र में पानी की सप्लाई उत्तराखंड जल संस्थान ने बंद की थी। पानी सप्लाई बाधित होने से लोग परेशान हो गए। रात 10 बजे पानी की सप्लाई सुचारू होने के बाद लोगों को राहत मिली।

बुधवार को जल संस्थान के कर्मचारियों ने कनखल परमधाम आश्रम के पास पानी की मुख्य पाइप लाइन में लीकेज और पुरानी जर्जर पाइप लाइन की मरम्मत का काम किया। मरम्मत काम के लिए सुबह 10 बजे मुख्य पाइप लाइन से पानी की सप्लाई बंद की गई।

इस दौरान क्षेत्र के पांच पंपिंग स्टेशन बैरागी कैंप एक, बैरागी कैंप दो, ज्ञानालोक कॉलोनी, भगवतपुरम और लोक सेवा आयोग को बंद किया गया। इसके बाद मुख्य पाइप लाइन में वेल्डिंग का काम कर्मचारियों ने शुरू किया। इस दौरान पुरानी पाइप लाइन के साथ नई पाइप लाइन को इंटरकनेक्शन करने का काम किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *