हरिद्वार। मध्य हरिद्वार क्षेत्र में मंगलवार को ऊर्जा निगम की अघोषित बिजली कटौती से करीब 15 हजार की आबादी प्रभावित रही। कड़ाके की ठंड के बीच बिना पूर्व सूचना बिजली कटौती से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति भी ठप हो गई, जिससे दिनभर लोगों को पानी की किल्लत झेलनी पड़ी। मंगलवार सुबह ऊर्जा निगम ने बिलकेश्वर कॉलोनी के बाहर पुरानी बिजली लाइन हटाकर नई ट्रिपल एसी लाइन बिछाई। इसके लिए सुबह करीब 10 बजे ब्रह्मपुरी फीडर से आपूर्ति बंद की गई।
इस दौरान ब्रह्मपुरी कॉलोनी, निर्मल छावनी, बिलकेश्वर कॉलोनी, गुरुद्वारा रोड, मेला अस्पताल क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में बिजली न होने पर लोगों के दैनिक काम बाधित हो गए। ऊर्जा निगम के कर्मचारियों को मरम्मत में लगभग सात घंटे का समय लगा। शाम करीब पांच बजे ब्रह्मपुरी फीडर से आपूर्ति बहाल की गई। हरीश कुमार, जतिन कोरी और देवदत्त ने बताया कि बिजली कटौती की कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई।