हरिद्वार। रानीपुर क्षेत्र में नगर निगम के कूड़ा वाहन से हुई भीषण टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक युवक की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जिसे लगातार ऑपरेशन और इलाज के दौर से गुजरना पड़ रहा है। पीड़ित के पिता की शिकायत पर पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। देहरादून के लाडपुर, रायपुर रोड निवासी कवीन्द्र दत्त सेमवाल, जो पेशे से अधिवक्ता हैं, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि दो जनवरी को उनका पुत्र सक्षम सेमवाल अपने मित्र उद्धयन जोशी के साथ हरिद्वार स्थित अपने ननिहाल आया हुआ था।
उसी दिन दोनों युवक बीएचईएल क्षेत्र में एडमिनिस्ट्रेटिव बिल्डिंग के पास खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान नगर निगम की ओर से संचालित एक कूड़ा वाहन, जो बिना नंबर प्लेट का था, गलत दिशा से तेज रफ्तार में आया और दोनों युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। आरोप है कि वाहन चालक पूरी तरह लापरवाही से वाहन चला रहा था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सक्षम सेमवाल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका साथी भी चोटिल हो गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों की मदद से सक्षम को तत्काल देहरादून के मैक्स अस्पताल ले जाया गया।
हालत गंभीर होने पर उसे बाद में कैलाश अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, सक्षम के दोनों हाथ और पैर की हड्डियां टूट चुकी हैं। अब तक उसके दो बड़े ऑपरेशन हो चुके हैं और आगे भी कई सर्जरी की आवश्यकता बताई जा रही है। फिलहाल वह न तो चल पाने की स्थिति में है और न ही बैठ सकता है। कोतवाली प्रभारी शांति कुमार गंगवार ने बताया कि चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।