पेंशनर्स को इलाज में मिलेगी प्राथमिकता, अस्पतालों में 5 बेड होंगे आरक्षित

हरिद्वार। सीएमओ डॉ. आरके सिंह ने जिले के सभी अस्पतालों को पेंशनर्स और वरिष्ठ नागरिकों को उपचार और जांच में प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रत्येक अस्पताल में पांच बेड पेंशनर्स के लिए आरक्षित रखने की घोषणा भी की। सीएमओ ने यह बात गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन की सम्मान सभा में बतौर मुख्य अतिथि कही। मेला चिकित्सालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष बीपी चौहान ने की, जबकि संचालन महामंत्री जेपी चाहर ने किया।

कार्यक्रम में जिला चिकित्सालय के प्रमुख अधीक्षक डॉ. आरवी सिंह, मेला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. राजेश कुमार, रुड़की उप जिला चिकित्सालय के डॉ. एके मिश्रा और नेत्र विशेषज्ञ डॉ. एसके सोनी सहित कई चिकित्सक मौजूद रहे। डॉ. सोनी ने गर्मी के मौसम में आंखों की देखभाल और बढ़ती उम्र में होने वाले नेत्र रोगों से बचाव पर जानकारी दी। वहीं, जेपी चाहर ने देहरादून में आठवें वेतन आयोग के साथ हुई वार्ता का विवरण देते हुए पेंशन पुनरीक्षण में भेदभाव होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।

सभा में पेंशनर्स ने स्वास्थ्य सेवाओं और गोल्डन कार्ड की विसंगतियों पर भी चिंता जताई। कार्यक्रम के अंत में चिकित्साधिकारियों का सम्मान किया गया और नए सदस्यों को संगठन से जोड़ा गया। इस दौरान रामकुमार अग्रवाल, आरडी अग्रवाल, वीके गुप्ता, एमके अग्रवाल, मंजू सिंह, विजय लक्ष्मी पोखरियाल, शक्ति वत्स, मंजू तिवारी, अनिरुद्ध शर्मा, एसएस चौहान, आरके जोशी, ओपी तिवारी, केडी धीमान आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *