हरिद्वार। राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी ने अपने संबोधन में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि बिरसा मुंडा देश के जनजातीय समुदायों के शौर्य, साहस, पराक्रम और बलिदान के प्रतीक हैं। हमें यह आजादी उपहार के रूप में नहीं मिली, बल्कि इसके पीछे अनेकों कुर्बानी दी गई। आदिवासी जनजातियां जिस भी क्षेत्र में निवास करती है वहां वनों की, उत्पादन की और अपनी संस्कृति की अदम साहस के साथ रक्षा की। यह बातें उन्होंने कार्यक्रम के दौरान कही।
धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा का 150वां जन्मदिवस समारोह के उपलक्ष में विकासखंड बहादराबाद में जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित हुआ। जिलाधिकारी कर्मेंद्र सिंह ने सांसद राज्यसभा डॉ. कल्पना सैनी का बुके देकर स्वागत किया। मुख्य अतिथि राज्यसभा सासंद डॉ. कल्पना सैनी, जिलाधिकारी कर्मेंद्र सिंह तथा ब्लॉक प्रमुख आशा नेगी ने दी जलाकर कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इसके बाद स्वागत समारोह में स्कूली छात्राओं द्वारा स्वागत गीत, गढ़वाली एवं जौनसारी लोक नृत्य की प्रस्तुति दी गई।
इस दौरान उन्होंने जनपद के लाभार्थियों को पोषण किट, आयुष्मान कार्ड, उज्ज्वला योजना के तहत गैस सिलेंडर और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवासों की चाबी सौंपी गई। इस दौरान बिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ₹6900 करोड़ की योजनाओं के शिलान्यास कार्यक्रम से वर्चुअल जुड़कर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा गया। जिलाधिकारी कर्मेंद्र सिंह ने धरती आबा भगवान बिरसा की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुण्डा ने हमारे देश, अपनी संस्कृति, हमारे परम्पराओं, हमारे मूल्यों के लिए अपने प्राणों की आहूति देकर अपनी छोटी सी आयु में बड़ा कार्य किया था।
जनजातीय गौरव के सम्मान का यह दिवस देश के सभी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन करने के साथ ही जनजातीय समाज के योगदान को सम्मानित करने का भी अवसर है। इस दौरान सीएमओ डॉ. आरके सिंह, पीडी केएन तिवारी, डीडीओ वेदप्रकाश, जिला समाज कल्याण अधिकारी टीआर मलेठा, यूपीसीएल ईई दीपक सैनी, बीडीओ मानस मित्तल, सहायक सूचना विज्ञान अधिकारी यशपाल सिंह आदि उपस्थित रहे।