गुरु नानक देव ने दिया स्नेह, संयम और सदाचार का संदेश : कौशिक

हरिद्वार। तीर्थनगरी हरिद्वार में गुरु नानक देव जी की 555वीं जयन्ती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर श्री गुरुद्वारा गुरुसिंह सभा और सेक्टर-2 गुरुद्वारे में विशेष समारोह का आयोजन किया गया। कार्तिक पूर्णिमा के दिन आयोजित इस कार्यक्रम में गुरु ग्रंथ साहिब का पाठ किया गया, जबकि लंगर प्रसाद का वितरण भी किया गया। गुरुद्वारे को विशेष रूप से सजाया गया था और श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और आस्था के साथ इस पर्व को मनाया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व मंत्री और नगर विधायक मदन कौशिक ने गुरु नानक देव जी के योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, कि गुरु नानक देव ने समाज को स्नेह, संयम, समन्वय और सदाचार का संदेश दिया। उनके जीवन के आदर्श आज भी हमारे लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। गुरु जी ने धर्म के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ ही समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त करने का कार्य किया। उन्होंने मानव सेवा को सच्ची ईश्वर सेवा माना।

विधायक आदेश चौहान ने कहा कि गुरु नानक देव ने हमें ईश्वर की आराधना और सन्मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। निवर्तमान भाजपा पार्षद दल के उपनेता अनिरुद्ध भाटी ने गुरु नानक देव जी द्वारा दी गई सेवा परंपरा के महत्व पर जोर दिया और कहा कि यह आज भी प्रासंगिक है। इस अवसर पर सिख समाज की ओर से नगर विधायक मदन कौशिक को पगड़ी पहनाकर और सरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सरदार हरदीप सिंह, सरदार अजीत सिंह, सरदार हर्षवर्धन, सरदार हरमोहन बबली, भाजपा नेता संजय चोपड़ा, पार्षद विनित जौली समेत कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *