हरिद्वार। महानगर व्यापार मंडल ने बैठक कर लगातार बिजली कटौती के लेकर आक्रोश जताया। कहा कि ऊर्जा निगम पुरानी लाइनों को बदलने और नए ट्रांसफॉर्मर लगाने के बजाय लोगों को सुचारू रूप से बिजली सप्लाई नहीं कर पा रहा है।
बैठक में मुख्यमंत्री से इस मामले में हस्तक्षेप कर बिजली व्यवस्था सुचारू कराने की मांग की गई। बैठक में जिलाध्यक्ष सुनील सेठी ने कहा कि मौसम खराब होने या हल्की बारिश में भी ओवर लोड का बहाना बनाकर बिजली की सप्लाई बंद कर दी जाती है।
हरकी पैड़ी, भूपतवाला, खड़खड़ी, नई बस्ती, अपर रोड, मायापुर बस स्टैंड और बाजारों में लोगों को सबसे ज्यादा बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारी नेता संजय संतोषी ने कहा कि इन क्षेत्रों में कोई स्थाई कार्य नहीं कराए गए हैं। इसीलिए ऊर्जा निगम की ओर से अभी से पांच घंटे तक बिजली कटौती की जा रही है।